7जून2026
दंतेवाड़ा। दक्षिण बस्तर के दंतेवाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम तोड़मा के घने जंगलों में चलाए गए संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया। वहीं सुरक्षा बलों ने तीन शक्तिशाली आईईडी को मौके पर ही निष्क्रिय कर संभावित बड़ी जनहानि टाल दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत मिली सटीक खुफिया सूचना पर सीआरपीएफ 195वीं वाहिनी और दंतेवाड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने 6 जून की सुबह ग्राम तोड़मा के जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान का नेतृत्व सहायक कमांडेंट संजीव कुमार यादव ने किया, जबकि द्वितीय कमान अधिकारी विक्रांत वर्मा के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
सर्चिंग के दौरान सुबह करीब 8:40 बजे जवानों को जंगल में संदिग्ध वस्तु दिखाई दी। इलाके को सुरक्षित कर बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) को बुलाया गया। जांच में दो प्रेशर कुकर आईईडी और एक 10 किलोग्राम वजनी पाइप बम बरामद हुआ। बीडीएस टीम ने विशेषज्ञ तकनीक का उपयोग करते हुए तीनों विस्फोटकों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया।
इसके बाद चलाए गए व्यापक तलाशी अभियान में नक्सलियों का बड़ा विस्फोटक डंप भी बरामद किया गया। बरामद सामग्री में बीजीएल, .303 रायफल, एयर रायफल, विभिन्न प्रकार के कारतूस, वायरलेस सेट, गन पाउडर, कोर्डेक्स वायर, शॉक वेव डेटोनेटर, 128 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, 48 गैर-विद्युत डेटोनेटर, 51 एमएम बम, दूरबीन, नक्सली वर्दी, कॉम्बेट बेल्ट, मल्टीमीटर, इलेक्ट्रिक कंट्रोल यूनिट, बैटरियां, स्विच, टेलीफोन तार सहित बड़ी मात्रा में विस्फोटक और नक्सली साहित्य शामिल है।
सुरक्षा बलों की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई। ऑपरेशन के बाद सभी जवान सुरक्षित लौट आए। बरामद सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा जब्ती पंचनामा एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।