7जून2026
अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट क्षेत्र में पीलिया के बढ़ते प्रकोप ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 10 दिनों में बीमारी से 5 लोगों की मौत होने की स्थानीय जानकारी सामने आई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार होकर अंबिकापुर और रायपुर के अस्पतालों में उपचार करा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
जानकारी के अनुसार नर्मदापुर, कुनिया, सपनादर, बरिमा और बैगहवा सहित कई गांव बीमारी की चपेट में हैं। मृतकों में कुनिया गांव के उपसरपंच भी शामिल बताए जा रहे हैं। हालांकि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) ने अब तक पीलिया से दो मौतों की पुष्टि की है, जबकि अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।
बीमारी के फैलाव को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित गांवों में लगातार हेल्थ कैंप लगाकर लोगों की जांच कर रही है। मरीजों के रक्त सहित अन्य आवश्यक सैंपल लिए जा रहे हैं और बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है तथा लोगों को स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद बीमारी के स्रोत और इसके फैलाव के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल चिकित्सा दल प्रभावित गांवों में लगातार निगरानी और उपचार कार्य में जुटा हुआ है।