कोरबा में बेवफाई के शक ने ली खौफनाक शक्ल: पति ने पत्नी, मां और बहन पर किया जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

कोरबा/14 /02 2026। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। वैष्णव मंदिर के पास रहने वाले एक परिवार में चरित्र शंका को लेकर चल रहे तनाव के बीच पति ने अपनी पत्नी, मां और बहन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई है, जबकि मां और बहन को भी चोटें आई हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान रामेश्वर साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो शनिवार को उग्र हो गया। इसी दौरान रामेश्वर ने कथित रूप से अपनी पत्नी सुक्रिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घर में मौजूद मां और बहन बीच-बचाव के लिए आगे आईं, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे घर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और साहस दिखाते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मां और बहन का भी उपचार जारी है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रारंभिक जांच शुरू की। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में उसे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया। धारदार हथियार के इस्तेमाल को देखते हुए मामले में गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में विवाद की जानकारी पहले भी थी, लेकिन इस तरह की हिंसक घटना की किसी ने कल्पना नहीं की थी। घटना के बाद इलाके में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *