कार में मिली SDO की लाश: स्वास्थ्य विभाग के अफसर की संदिग्ध मौत, हार्ट अटैक की आशंका से मचा हड़कंप

जगदलपुर/14/02(2026जगदलपुर में शनिवार सुबह एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। इंदिरा स्टेडियम के पास खड़ी कार में एक अधिकारी मृत अवस्था में मिले, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सुबह टहलने निकले लोगों ने कार के अंदर व्यक्ति को निढाल देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची बोधघाट थाना पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर व्यक्ति को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जांच में मृतक की पहचान वृंदावन कॉलोनी निवासी शोभाराम देहारी के रूप में हुई, जो छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन के नियानार कार्यालय में एसडीओ पद पर कार्यरत थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अधिकारी रात से ही कार में थे। शरीर पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि मौत हृदयाघात या अन्य स्वास्थ्य कारणों से हुई हो सकती है। हालांकि असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और परिजनों से पूछताछ कर मृतक की अंतिम गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना के बाद सरकारी महकमे में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *