विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस पर जगदलपुर में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया संवेदनशीलता का संदेश

जगदलपुर, 10 अक्टूबर 2026। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शनिवार को जगदलपुर में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। स्पर्श क्लीनिक, महारानी जिला चिकित्सालय की जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) टीम और गवर्नमेंट नर्सिंग कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में नर्सिंग कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूक करने और मानसिक समस्याओं को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों व भेदभाव को दूर करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण मानने और मानसिक समस्याओं से जूझ रहे लोगों के प्रति सहयोगात्मक व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया।

इसी क्रम में महारानी जिला अस्पताल, जगदलपुर के मेल मेडिसिन वार्ड में नर्सिंग छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने, जरूरतमंद व्यक्तियों को भावनात्मक सहयोग देने और उन्हें बिना किसी भेदभाव के उपचार व परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने, मानसिक समस्याओं से प्रभावित लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने और समाज से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कलंक को समाप्त करने के संकल्प के साथ शपथ ग्रहण किया गया। आयोजकों की इस पहल का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बातचीत को प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद लोगों को समय पर सहायता लेने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *