पत्नी मायके से लौटी तो फिर हुआ विवाद, शक में पति ने कर दी हत्या; आरोपी गिरफ्तार

देहरादून, 10 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड के जौनसार-बावर क्षेत्र के कचटा गांव में पत्नी की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले पति ने धारदार हथियार से हमला कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद फरार हुए आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

जानकारी के अनुसार, आरोपी मनोज अपनी पत्नी नीलम पर शक करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। बताया जाता है कि पति की मारपीट से नाराज होकर नीलम जागड़े पर्व के दौरान अपने मायके लखवाड़ चली गई थी। बाद में पति के मनाने पर वह ससुराल लौट आई थी।

विवाद के बाद पत्नी पर किया हमला

बताया गया कि गुरुवार को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसके बाद घर के पास बरामदे में मनोज ने कथित तौर पर धारदार हथियार से नीलम की गर्दन पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। टीम ने घटनास्थल से खून के नमूने और दंपती के मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्य जुटाए।

चार साल पहले हुई थी लव मैरिज

मनोज और नीलम की करीब चार साल पहले प्रेम विवाह हुआ था। दंपती की कोई संतान नहीं थी और वे संयुक्त परिवार में रहते थे। घटना के बाद फरार हुए मनोज को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।

नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल के अनुसार, आरोपी मनोज पुत्र बलिया दास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *