कांकेर/14/02/2026 जिले के कांकेर–नारायणपुर सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। थाना छोटेबेठिया अंतर्गत ग्राम बीनागुण्डा के पास सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियार और विस्फोटक सामग्री का भारी जखीरा बरामद किया गया। इस कार्रवाई से सुरक्षा बलों ने संभावित बड़ी नक्सली घटना को समय रहते टाल दिया।
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज जगदलपुर सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन, पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल कुमार राखेचा, बीएसएफ डीआईजी सेक्टर कन्हारगांव ओमप्रकाश तथा 94वीं वाहिनी बीएसएफ बांदे के सेनानी राघवेन्द्र सिंह के निर्देशन में डीआरजी और बीएसएफ की टीम द्वारा की गई।
13 फरवरी 2026 को चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान जवानों ने जमीन में छिपाकर रखा गया नक्सली डम्प बरामद किया, जिसमें हथियार, आईईडी और विस्फोटक सामग्री सहित कई उपयोगी उपकरण मिले।
बरामद सामग्री में शामिल हैं —
बीजीएल लांचर 2 नग, 12 बोर बंदूक 2 नग, एयरगन 1 नग, डायरेक्शन आईईडी 3 नग, लगभग 5 किलो का टिफिन आईईडी 1 नग, बीजीएल बम 30 नग, 12 बोर राउंड 26 नग, करीब 2 किलो बारूद, मल्टीमीटर, फटाखा पैकेट, बिजली वायर बंडल, स्प्लिंटर, पाउच तथा नक्सल साहित्य सहित अन्य सामग्री।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार लगातार चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान से नक्सलियों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसके कारण वे सामग्री छिपाकर रखने को मजबूर हो रहे हैं। सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्चिंग अभियान और तेज कर दिया है।
कुल मिलाकर सुरक्षा बलों की मुस्तैदी से एक बड़ी साजिश नाकाम हो गई और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राहत की स्थिति बनी है।
कांकेर–नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता: नक्सलियों का हथियार और IED डम्प बरामद, बड़ी वारदात टली