27अप्रैल2026
जगदलपुर। कलेक्टर आकाश छिकारा ने सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री जनदर्शन, पीजी पोर्टल, कलेक्टर जनदर्शन सहित सभी लंबित प्रकरणों का निराकरण 1 मई से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को सुशासन तिहार, बस्तर मुन्ने और नियद नेल्लानार योजना शिविरों की तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा हितग्राहियों को सामग्री वितरण की पंचायतवार सूची उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
बैठक में शुद्ध आहार अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि विभाग को खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए होटल, भोजनालय और दवा दुकानों की विशेष जांच 11 मई तक जारी रखने के निर्देश दिए गए। एफसीआई राइस डिपॉजिट और पीडीएस दुकानों में भंडारण व्यवस्था की नियमित निगरानी करने को भी कहा गया।
कलेक्टर ने स्वच्छ सर्वेक्षण, एनसीईआरटी पुस्तकों के वितरण, जनगणना से पूर्व स्व-गणना, स्वस्थ बस्तर अभियान, घर-घर स्वास्थ्य जांच, स्वामित्व योजना, पीएम आवास, पीएमजीएसवाई, टीबी अभियान, आंगनबाड़ी सेवाओं, किसान सम्मान निधि, लखपति दीदी योजना और मातृत्व वंदन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की।
धान उपार्जन केंद्रों में शॉर्टेज की शिकायतों पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, महिला एवं बाल विकास, पशुधन और मत्स्य विभागों को लक्ष्यानुसार कार्यों में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर सीपी बघेल, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।