जगदलपुर, 14 अक्टूबर 2026। बस्तर जिले के बोधघाट थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी सुजल साव को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है, जिसकी कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम अड़ावाल निवासी देवी सिंह दीवान ने बोधघाट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून 2026 की रात उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक CG 17 KP 4899 घर के सामने आंगन में खड़ी की थी। अगले दिन मोटरसाइकिल गायब मिली। अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन चोरी किए जाने की रिपोर्ट पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मामले की जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर सुजल साव, निवासी परपा नाका के पास, गीदम रोड, जगदलपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर उसे गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में बोधघाट थाना प्रभारी निरीक्षक टामेश्वर चौहान, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अफसाना, सहायक उपनिरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक सुनील मनहर तथा आरक्षक युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर और संदीप राणा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।