रायपुर में वैलेंटाइन डे पर हाई अलर्ट: कपल्स की सुरक्षा के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, हुड़दंगियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

रायपुर। वैलेंटाइन डे के अवसर पर शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पार्क, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष पुलिस बल तैनात किया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके और कपल्स सुरक्षित माहौल में दिन मना सकें।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि कानून हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ महिला पुलिसकर्मी भी मौजूद रहेंगी।
पिछले वर्ष क्रिसमस के दौरान मैग्नेटो मॉल में हुए हंगामे को देखते हुए इस बार पुलिस अतिरिक्त सतर्कता बरत रही है। शहर के ऊर्जा पार्क, मैग्नेटो मॉल, जोरा मॉल, सिटी सेंटर मॉल, गांधी उद्यान, मोतीबाग गार्डन, कलेक्ट्रेट गार्डन, निगम गार्डन और राम मंदिर समेत कई प्रमुख स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि असामाजिक तत्वों, मनचलों या हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी। वहीं यदि किसी संगठन या समूह द्वारा युवक-युवतियों को अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *