पूवर्ती में हिड़मा के नाम पर जुटे बाहरी लोग, ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने 70–80 लोगों को लिया हिरासत में

सुकमा/छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के पूवर्ती गांव में उस समय हलचल मच गई, जब तेलंगाना और आंध्र प्रदेश से आए लगभग 70–80 कथित माओवादी समर्थक शमशान घाट पहुंच गए। बताया जा रहा है कि ये लोग नक्सली कमांडर हिड़मा और उसकी पत्नी राजे के चिता स्थल पर क्रियाकर्म करने पहुंचे थे और वहां कुछ धार्मिक गतिविधियां कर रहे थे।
ग्रामीणों ने बाहरी लोगों की इस गतिविधि पर कड़ी आपत्ति जताते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी। शिकायत मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर पूवर्ती से सुकमा ले गई। देर रात तक चली पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को रिहा कर दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार का तनाव रोकने के लिए यह एहतियातन कार्रवाई की गई थी।
इस दौरान गांव के लोगों ने बाहरी व्यक्तियों के आने पर नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि गांव के मामलों में बाहरी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई। स्थानीय स्तर पर विरोध के चलते हिड़मा के नाम पर माहौल बनाने की कोशिश कर रहे लोगों को प्रतिरोध का सामना करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *