जगदलपुर, 7जून2026/उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने जगदलपुर प्रवास के दौरान शनिवार को जिला कार्यालय के प्रेरणा सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परियोजनाएं तय समय-सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरी की जाएं।
समीक्षा बैठक में लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। अरुण साव ने सड़क, भवन, पुल-पुलिया और अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर देते हुए कहा कि जिन कार्यों की स्वीकृति दी गई है, उन्हें समय पर पूरा कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना की डीपीआर तैयार करते समय वन अनुमति, भू-अर्जन, विद्युत पोल शिफ्टिंग और अतिक्रमण जैसी संभावित बाधाओं का पहले ही समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्यों में अनावश्यक देरी न हो। बैठक में जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं और विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों की भी समीक्षा की गई।
नगरीय प्रशासन विभाग की समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छता अभियान, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। अरुण साव ने जनप्रतिनिधियों और वार्ड पार्षदों के सहयोग से आवास निर्माण को गति देने तथा निर्माणाधीन मकानों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वच्छता दीदियों के साथ नियमित संवाद, स्वास्थ्य परीक्षण और सुरक्षा किट उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। साथ ही वर्षा ऋतु से पहले नालियों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा में अरुण साव ने पेयजल व्यवस्था को मजबूत बनाने और जल जीवन मिशन की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा करने पर बल दिया। उन्होंने जल स्रोतों के क्लोरीनेशन, पेयजल टंकियों की सफाई और ग्रामीण क्षेत्रों में जल कर संग्रहण को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए, ताकि योजनाओं का बेहतर संचालन और रखरखाव हो सके।
बैठक में सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडे, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।