रायपुर में नकली सोना गिरवी रखकर 3.90 लाख की ठगी, महिला समेत 3 पर केस

8अक्टूबर 2026/

रायपुर के बीरगांव में नकली सोने के जेवर असली बताकर सराफा कारोबारी से 3.90 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला समेत तीन लोगों ने अलग-अलग तारीखों में रिंग और कंगन गिरवी रखकर कारोबारी से रकम ली। मामला उरला थाना क्षेत्र का है।

शैलेंद्र नगर निवासी वैभव सोनी की बीरगांव मेन रोड पर वैभव ज्वेलर्स नाम से दुकान है। शिकायत के मुताबिक, 16 अगस्त को मनीष देवांगन ने 4.080 ग्राम की एक जेंट्स रिंग गिरवी रखकर 40 हजार रुपए लिए। इसके अगले दिन 17 अगस्त को उसने 19.860 ग्राम वजन के चार कंगन गिरवी रखे और इसके बदले 1.90 लाख रुपए लिए।

इसके बाद 1 सितंबर को दामिनी और राजेश अग्रवाल दुकान पहुंचे। दामिनी ने 17.820 ग्राम वजन के दो कंगन गिरवी रखे, जिनके बदले कारोबारी ने 1.60 लाख रुपए दिए। इस तरह तीनों ने कुल 3.90 लाख रुपए हासिल किए।

सराफा ग्रुप के मैसेज से हुआ खुलासा

मामले का खुलासा 5 अक्टूबर को उस समय हुआ, जब छत्तीसगढ़ सराफा कारोबारियों के वाट्सऐप ग्रुप में नकली सोने के जेवर गिरवी रखने वाले लोगों को लेकर मैसेज सामने आया। इसके बाद वैभव सोनी को अपने यहां गिरवी रखे जेवरों पर शक हुआ।

उन्होंने रिंग और कंगनों को रायपुर सदर बाजार स्थित विजय टंच में जांच के लिए भेजा। जांच में सभी जेवर नकली पाए गए। इसके बाद कारोबारी ने उरला थाने में मनीष देवांगन, दामिनी और राजेश अग्रवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश और जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *