जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2026। बस्तर के नगरनार थाना क्षेत्र के ग्राम कोहकापाल में किशोर को रोककर रखने और तंत्र-मंत्र से जुड़ी गतिविधि के मामले में पुलिस ने नरबली के प्रयास की बात को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में नरबली देने या इसकी योजना से संबंधित कोई तथ्य सामने नहीं आया है।
पुलिस के मुताबिक, पिछले दो दिनों से पीड़ित किशोर, संबंधित व्यक्तियों और अन्य संभावित गवाहों से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि सोने का हंडा मिलने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते किशोर के साथ तंत्र-मंत्र से संबंधित गतिविधियां की गई थीं।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना नगरनार में बीएनएस की धारा 127(2), 137(2), 351(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में दो मुख्य आरोपियों गोनसाय और लखीराम को हिरासत में लिया गया है। पूजा-पाठ करने वाले व्यक्ति का नाम भी अपराध में जोड़ा गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों से पूछताछ और मामले की विवेचना जारी है। जांच में यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नरबली से जुड़ी अपुष्ट बातों को बिना सत्यापन सोशल मीडिया पर प्रसारित न करें। मामले में आगे की कार्रवाई जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर की जाएगी।