जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2026। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (डीएमएचपी) बस्तर की टीम ने 1 अक्टूबर को सीआरपीएफ कैंप, 80वीं बटालियन नेतानार, ब्लॉक दरभा में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, तनाव प्रबंधन एवं नशा-मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देशानुसार और जिला नोडल अधिकारी डॉ. ऋषभ साव के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस दौरान तनाव के कारणों, मानसिक स्वास्थ्य पर उसके प्रभाव और तनावपूर्ण परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के व्यावहारिक तरीकों पर चर्चा की गई। साथ ही नशे के मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में तनाव को स्वस्थ तरीके से संभालने के लिए सरल और सकारात्मक उपायों की जानकारी साझा की गई। सत्र को संवादात्मक रखा गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अनुभव, व्यक्तिगत चुनौतियों और कार्यस्थल से जुड़ी तनावपूर्ण परिस्थितियों को खुलकर साझा किया।
विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों के अनुभवों पर चर्चा करते हुए कठिन परिस्थितियों में भावनात्मक संतुलन बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर समय रहते सहायता लेने के महत्व को समझाया। कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ तनाव और नशे से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर संवाद करने का संदेश दिया गया।