बस्तर में बारिश का कहर: स्कूल बंद, नदी-नाले उफान पर; केशकाल घाट में घंटों से लगा जाम

जगदलपुर 11सितंबर 2026/छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में शुक्रवार को तेज बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। देर रात से जारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर आ गए हैं, जबकि जगदलपुर समेत कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए बस्तर कलेक्टर ने शुक्रवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

बारिश के चलते बस्तर के प्रवेश द्वार केशकाल घाट में भी यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। शुक्रवार सुबह घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्री व वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। दोनों दिशाओं से वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। जाम खुलवाने के लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर जुटी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। कुछ स्थानों पर वज्रपात और भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। 12 से 14 सितंबर के बीच भारी बारिश का मुख्य क्षेत्र दक्षिण छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है। ऐसे में बस्तर में आने-जाने वाले लोगों को मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *