नशे में ट्रक चलाना पड़ा भारी, न्यायालय ने लगाया ₹10 हजार का जुर्माना

गायत्री चौक पर यातायात पुलिस की चेकिंग में पकड़ा गया शराबी चालक, धारा 185 के तहत हुई कार्रवाई

दंतेवाड़ा, 10 सितंबर 2026। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस दंतेवाड़ा ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी अभियान के तहत गायत्री चौक में चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान शराब के नशे में ट्रक चलाते एक चालक को पकड़ा गया। मामले में न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।

पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा श्री चंद्र मोहन सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जितेन्द्र कुमार खूँटे और उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री नसर उल्लाह सिद्धिकी के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा गायत्री चौक पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।

चेकिंग के दौरान वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। इसी दौरान ट्रक क्रमांक CG 07 AU 8181 के चालक संतोष यादव, पिता सुखेन्द्र यादव, उम्र 52 वर्ष, निवासी देवरी, रायपुर (छत्तीसगढ़) को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाया गया।

यातायात पुलिस ने चालक के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। सुनवाई के दौरान न्यायालय ने चालक संतोष यादव पर ₹10,000 का अर्थदंड अधिरोपित किया।

शराब पीकर वाहन चलाने वालों को पुलिस की चेतावनी

यातायात पुलिस दंतेवाड़ा ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं। नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

कार्रवाई के दौरान यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक मुकेश ताती, स.उ.नि. जितेंद्र त्रिपाठी, आरक्षक वेद प्रकाश राजपूत, आदित्य कंदोई, कन्हैया लाल सिन्हा सहित अन्य यातायात स्टाफ मौजूद रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *