जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2026। बस्तर में टसर रेशम उत्पादन और धागाकरण से जुड़े हितग्राहियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 2 अक्टूबर को टसर रेशम कीट पालन एवं रेशम धागाकरण प्रशिक्षण सह अलंकरण समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम ग्रामोद्योग विभाग के रेशम प्रभाग, जिला बस्तर के तत्वावधान में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन रेशम धागाकरण इकाई, कालीपुर रोड, धरमपुरा, जगदलपुर में सुबह 11 बजे से किया जाएगा। समारोह में रेशम उत्पादन और धागाकरण से जुड़े हितग्राहियों के कौशल संवर्धन के साथ उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत बस्तर की अध्यक्ष वेदवती कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अलावा जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान, ललिता कश्यप और सम्पति महादेव नाग विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में शामिल होंगे। कार्यक्रम के माध्यम से टसर रेशम से जुड़े हितग्राहियों को प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देकर रेशम उत्पादन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।