दन्तेवाड़ा, 1अक्टूबर 2026। दन्तेवाड़ा पुलिस ने ₹61,06,592 के ऑनलाइन साइबर फ्रॉड मामले में एक और आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले बैंक खातों को किराये पर उपलब्ध कराने में संलिप्त था।
यह मामला गीदम थाना क्षेत्र के हारमपारा निवासी भूपेंद्र तेलामी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के आधार पर थाना गीदम में अपराध क्रमांक 27/2025 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 111(1)(3) और आईटी एक्ट की धारा 66डी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
विवेचना के दौरान फाइनेंशियल ट्रांजेक्शन एनालिसिस और साइबर फॉरेंसिक टूल्स की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान के फलोदी जिले के ग्राम श्री कृष्ण नगर निवासी दिनेश (31) को गिरफ्तार किया। उसे ट्रांजिट रिमांड पर दन्तेवाड़ा लाया गया और 30 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जिला जेल दन्तेवाड़ा भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी बैंक खातों को किराये पर लेकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए करते थे। इसके बाद रकम को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर धनराशि के वास्तविक स्रोत और अपराध से जुड़े साक्ष्यों को छिपाने का प्रयास किया जाता था।
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में अब तक साइबर फ्रॉड से जुड़े कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की विवेचना जारी है।