मोबाइल नेटवर्क नहीं पहुंचा तो पुलिस पहुंची गांव-गांव, युवाओं को दी बस्तर फाइटर भर्ती की जानकारी

बीजापुर, 7 नवंबर 2026। अंदरूनी और दूरस्थ इलाकों के युवाओं को बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 से जोड़ने के लिए बीजापुर पुलिस ने पहल शुरू की है। चलित थाना के माध्यम से पुलिस अधिकारी और जवान गांव-गांव पहुंचकर युवाओं से सीधे संवाद कर उन्हें भर्ती प्रक्रिया, आवेदन और जरूरी दस्तावेजों सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां दे रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, अंदरूनी क्षेत्रों में नेटवर्क और अन्य सुविधाओं की सीमित उपलब्धता के कारण कई बार युवाओं तक सरकारी भर्तियों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी समय पर नहीं पहुंच पाती। ऐसे में पुलिस चलित थाना के जरिए सीधे युवाओं तक पहुंच रही है, ताकि पात्र अभ्यर्थी जानकारी के अभाव में भर्ती के अवसर से वंचित न रहें।

निःशुल्क आवेदन फॉर्म उपलब्ध

बस्तर फाइटर आरक्षक भर्ती-2026 के आवेदन फॉर्म जिले के सभी थाना और चौकी, अनुविभागीय कार्यालयों तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में निःशुल्क उपलब्ध कराए गए हैं। भरे हुए आवेदन फॉर्म संबंधित अनुविभागीय कार्यालयों एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।

भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी या सहायता के लिए अभ्यर्थी अपने नजदीकी थाना, अनुविभागीय कार्यालय या पुलिस अधीक्षक कार्यालय बीजापुर से संपर्क कर सकते हैं। भर्ती संबंधी जानकारी वाले फ्लैक्स भी थाना, अनुविभागीय कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालयों में लगाए गए हैं।

बीजापुर पुलिस की इस पहल का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक भर्ती की जानकारी पहुंचाकर उन्हें प्रक्रिया से जोड़ना और पात्र युवाओं को रोजगार के इस अवसर का लाभ दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *