26मई 2026
रायपुर। भीषण गर्मी के बीच साउथ-बिहार एक्सप्रेस में सफर कर रहे यात्रियों की रात भारी परेशानी में गुजर गई। रायपुर स्टेशन से ट्रेन रवाना होते ही एसी कोच का कूलिंग सिस्टम बंद पड़ गया, जिसके बाद पूरा डिब्बा गर्म हवा और उमस से भर गया। महंगा किराया देकर एसी कोच में सफर कर रहे यात्री रातभर पसीने से तरबतर रहे और रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते नजर आए।
जानकारी के मुताबिक दुर्ग-आरा साउथ-बिहार एक्सप्रेस के बी-2 कोच में तकनीकी खराबी आने से एयर कंडीशनिंग सिस्टम अचानक बंद हो गया। शुरुआत में यात्रियों ने इसे सामान्य समस्या समझा, लेकिन समय बीतने के साथ कोच का माहौल दमघोंटू हो गया। छोटे बच्चे गर्मी से बिलखते रहे, बुजुर्ग बेचैन नजर आए और महिलाएं हाथ से पंखा झलकर राहत पाने की कोशिश करती रहीं।
यात्रियों ने तत्काल टीटीई और कोच अटेंडेंट को समस्या बताई, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन मिलता रहा कि अगले स्टेशन पर सुधार कर दिया जाएगा। ट्रेन बिलासपुर पहुंची, फिर भी स्थिति जस की तस बनी रही। इससे यात्रियों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने रेलवे स्टाफ की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए।
कई यात्रियों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद समय रहते कोई तकनीकी मदद उपलब्ध नहीं कराई गई। पूरी रात उमस और गर्मी में सफर करने को मजबूर यात्रियों ने अब टिकट रिफंड और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। सोशल मीडिया और रेल मदद ऐप पर भी लोगों ने अपनी नाराजगी जाहिर की है।
इस घटना के बाद रेलवे प्रशासन की व्यवस्थाओं पर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गर्मी के मौसम में एसी कोच की ऐसी लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर गंभीर चिंता पैदा करती है।