सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और 35 स्वादिष्ट व्यंजनों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
जगदलपुर, 29 जनवरी 2026।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सेजेस) करीतगांव में बुधवार 28 जनवरी को वार्षिकोत्सव एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित आनंद मेले का आयोजन हर्षोल्लास और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। विद्यालय प्रांगण में आयोजित इस भव्य समारोह में विद्यार्थियों की प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता देखते ही बनती थी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर के पूर्व विधायक एवं भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. सुभाऊ राम कश्यप रहे। समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का पारंपरिक रूप से पुष्पमाला एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बाँधा समां
कार्यक्रम में कक्षा तीसरी से लेकर बारहवीं तक के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और सामाजिक संदेशों से ओत-प्रोत नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यार्थियों की आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ सराहा।
इस अवसर पर गत वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया, जिससे छात्रों का उत्साह और मनोबल और अधिक बढ़ा।
आनंद मेला बना आकर्षण का केंद्र
एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित ‘आनंद मेला’ कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। मेले में खाने के 18 एवं खेल गतिविधियों के 2 स्टॉल लगाए गए। मुख्य अतिथि डॉ. कश्यप ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए स्वयं व्यंजनों का स्वाद भी लिया।
एनएसएस स्वयंसेवकों ने शिक्षिका चारूलता दीक्षित, कार्यक्रम अधिकारी राहुल सिंह ठाकुर, सहायक अधिकारी वाणी हुमने एवं लोकेश निषाद के मार्गदर्शन में ‘व्यंजनों की बगिया’ को आकर्षक रूप दिया। स्टॉलों पर पानीपुरी, भेलपुरी, आलू टिक्की, समोसा, मिर्ची, केला, पपीता, आलू और गुलगुला भजिए, तीखुर, फ्रूट सलाद सहित लगभग 35 प्रकार के स्वादिष्ट और सेहतमंद व्यंजन उपलब्ध रहे। पालकों एवं अतिथियों ने कूपन के माध्यम से व्यंजनों का आनंद लिया और गुणवत्ता की भरपूर सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान स्काउट-गाइड एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने अनुशासन बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई।
अतिथियों ने विद्यार्थियों को किया प्रेरित
मुख्य अतिथि डॉ. सुभाऊ राम कश्यप ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला शिक्षा अधिकारी श्री बलिराम बघेल ने छात्रों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए प्रेरित करते हुए मेरिट सूची में स्थान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष तरुण पाण्डे, एसएमडीसी अध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, सरपंच कुसुम बघेल, अंबाली बघेल, शर्मिला कश्यप, बीईओ चंद्रशेखर यादव, बीआरसी सोन सिंह बघेल, एबीईओ डेंसनाथ पांडे सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
आभार प्रदर्शन के साथ हुआ समापन
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेंद्र कलिहारी एवं सागरिका गुप्ता ने कुशलतापूर्वक किया। अंत में विद्यालय की प्राचार्य मोनिता पानिग्राही ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, स्काउट-गाइड एवं एनएसएस गतिविधियों की जानकारी दी और सफल आयोजन के लिए समस्त अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं पालकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेजेस करीतगांव में वार्षिकोत्सव और आनंद मेले की रंगारंग छटा