उत्तर प्रदेश /21/02/2026नोएडा शहर इन दिनों रंग-बिरंगे फूलों की सुगंध और खूबसूरत कलात्मक सजावट से सराबोर है। सेक्टर-33ए स्थित शिल्पहाट के पास शिवालिक पार्क में 19 से 22 फरवरी तक आयोजित चार दिवसीय भव्य फ्लावर शो में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ 19 फरवरी को किया गया।
इस वर्ष फ्लावर शो को धार्मिक और सांस्कृतिक थीम पर विशेष रूप से तैयार किया गया है। सबसे खास आकर्षण फूलों से बनी लगभग 30 फीट लंबी और 40 फीट ऊंची केदारनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति है, जिसे देखने के लिए दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। मंदिर के सामने त्रिशूल, डमरू और नंदी की फूलों से सजी आकृतियां भी बनाई गई हैं, जो आस्था और कला का सुंदर संगम प्रस्तुत करती हैं। प्रवेश द्वार को भी केदारनाथ थीम पर तैयार किया गया है।
रचनात्मकता का एक अनोखा उदाहरण करेले से तैयार छह फीट ऊंचा हाथी है, जो लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है। मुख्य पाथवे पर बड़े सजावटी बास्केट, ढोलक आकार की सजावट, मटका फ्लो, बुद्धा लोटस सहित कई आकर्षक फ्लोरल इंस्टॉलेशन लगाए गए हैं।
इस आयोजन में कई प्रमुख संस्थाएं अपनी प्रदर्शनी प्रस्तुत कर रही हैं, जिनमें भारतीय थल सेना, भारत पेट्रोलियम, एलजी, एडोब सिस्टम्स, एनआईआईटी, दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। 20 फरवरी को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बैंड की विशेष प्रस्तुति हुई। 21 फरवरी को विभिन्न संस्थाओं द्वारा तैयार उद्यानों का मूल्यांकन कर पुरस्कार दिए जाएंगे, जबकि 22 फरवरी को स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित होगी। समापन समारोह में कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें कई प्रसिद्ध कवि अपनी रचनाएं सुनाएंगे।
पौधों और बीजों की खरीदारी का भी मौका
फ्लावर शो में 90 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें 38 नर्सरी शामिल हैं। यहां आगंतुक बीज, पौधे, खाद, सजावटी गमले और बागवानी से जुड़ा सामान खरीद सकते हैं। कुछ नर्सरी कालिम्पोंग और भीमताल से भी आई हैं, जिससे लोगों को दुर्लभ पौधों की विविधता देखने और खरीदने का अवसर मिल रहा है।
यह फ्लावर शो प्रकृति प्रेमियों, बागवानी के शौकीनों और परिवार के साथ घूमने आने वालों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है।
फूलों की खुशबू से महकेगा नोएडा — केदारनाथ थीम वाला भव्य फ्लावर शो बना आकर्षण का केंद्र