बाढ़ पीड़ितों के लिए जिला अधिवक्ता संघ ने बढ़ाया मदद का हाथ, मुख्यमंत्री सहायता कोष में दिए 58,100 रुपए

जगदलपुर, 02अक्टूबर 2026। बस्तर में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अब सामाजिक संस्थाएं भी आगे आने लगी हैं। इसी क्रम में 1अक्टूबर गुरुवार को बस्तर जिला अधिवक्ता संघ, जगदलपुर ने राहत कार्यों में सहयोग देते हुए मुख्यमंत्री सहायता कोष के नाम 58,100 रुपए का चेक कलेक्टर आकाश छिकारा को सौंपा।

सितंबर के अंतिम सप्ताह में चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से बस्तर में लगातार हुई भारी बारिश के चलते कई नदी-नाले उफान पर आ गए थे। वहीं, ओडिशा के खातीगुड़ा और मुरान बांधों के फाटक खोले जाने से भी जलस्तर बढ़ा और कई इलाकों में बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति बनी। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन प्रभावित हुआ और कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से कट गया था।

हालांकि अब बारिश थमने और नदी-नालों का जलस्तर कम होने के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है। ऐसे समय में बाढ़ प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए अधिवक्ता संघ की ओर से किया गया यह आर्थिक सहयोग राहत प्रयासों में योगदान देगा।

कलेक्ट्रेट में चेक सौंपने के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष विक्रमादित्य झा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अवधेश कुमार झा, महिला उपाध्यक्ष प्रीति वानखेड़े, सचिव संतोष चौधरी, सह सचिव भरत सिंह सेठिया, कोषाध्यक्ष दीनबंधु रथ, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव हेलिना मोजेस गिरिधरण तथा अधिवक्ता शफीक अहमद और ऐलपा राम पोयाम मौजूद रहे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि आपदा की घड़ी में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा होना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए आगे भी सहयोग जारी रखने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *