जगदलपुर, 2अक्टूबर 2026। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने गुरुवार 1अक्टूबर को जगदलपुर तहसील के बाढ़ प्रभावित ग्राम भेजापदर का दौरा कर हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित इलाकों में मकानों को हुए नुकसान का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर राहत एवं सहायता कार्यों की जानकारी ली।
कमिश्नर ने प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाते हुए शुद्ध पेयजल के इस्तेमाल, स्वच्छता और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की समझाइश दी।
उन्होंने अधिकारियों को गांव के स्कूल या ग्राम पंचायत भवन में कैंप कार्यालय लगाकर प्रभावित परिवारों से नियमित रूप से संपर्क करने और उनके नुकसान से जुड़े प्रकरण व दस्तावेज तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही जरूरत के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने को कहा।
दो माह का खाद्यान्न एक साथ देने के निर्देश
कमिश्नर ने उचित मूल्य दुकान के माध्यम से प्रभावित परिवारों को दो माह का खाद्यान्न एक साथ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के परिवारों को घरेलू उपयोग के बर्तन, कपड़े और राशन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए एनएमडीसी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जमा मलबा और मिट्टी हटाने के लिए जेसीबी मशीन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार राहुल गुप्ता, नायब तहसीलदार लखीधर पांडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।