निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर सभी वाहनों की एंट्री बंद, प्रशासन ने जारी किए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा, 30 जून। सड़क हादसों पर रोक लगाने और निर्माणाधीन भारतमाला परियोजना के कार्य को सुरक्षित एवं निर्बाध रूप से पूरा कराने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। उरगा-बलौदा-पंतोरा-बिलासपुर के बीच निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग पर अब सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

जांजगीर-चांपा पुलिस के अनुसार निर्माणाधीन सड़क पर लगातार छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा था। साथ ही निर्माण कार्य भी प्रभावित हो रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोकने की पहल की गई।

यातायात पुलिस ने भारतमाला परियोजना के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर निर्माणाधीन मार्ग को आम यातायात के लिए बंद करने का अनुरोध किया था। पत्र में बताया गया था कि अधूरी सड़क पर वाहन चलने से न केवल निर्माण कार्य बाधित हो रहा है, बल्कि गंभीर सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है। पुलिस के सुझाव पर कार्रवाई करते हुए परियोजना निदेशक ने उरगा-बिलासपुर भारतमाला मार्ग को सभी प्रकार के वाहनों के लिए बंद करने के निर्देश जारी कर दिए।

प्रशासन ने बताया कि निर्माणाधीन मार्ग पर फिलहाल एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी निगरानी और अन्य आवश्यक आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में किसी भी दुर्घटना की स्थिति में राहत और बचाव कार्य प्रभावित हो सकता है। इसी कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।

यातायात पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क निर्माण पूरा होने तक निर्माणाधीन भारतमाला मार्ग का उपयोग न करें और केवल वैकल्पिक एवं सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। प्रशासन का कहना है कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने में नागरिकों की सहभागिता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है, जितनी प्रशासनिक व्यवस्था। यातायात नियमों का पालन कर ही दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *