बलौदाबाजार। 22अगस्त 2026/जिले में मिलावटखोरी और अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थ तैयार करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर चलाए जा रहे सात दिवसीय सघन खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान “बने खाबो-बने रहिबो 2.0” के तहत शुक्रवार को भाटापारा क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एक होटल में दूषित एवं अस्वच्छ परिस्थितियों में तैयार की जा रही करीब 92 किलो चमचम मिठाई पाई गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने तत्काल मिठाई को जब्त कर नियमानुसार मौके पर ही नष्ट कराया।
विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। अधिकारियों ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षित तरीके से निर्माण एवं भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावटखोरी और खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।