रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर से बदलेगी छत्तीसगढ़ की तस्वीर, जशपुर से रायपुर का सफर होगा आसान

जशपुर से रायपुर पहुंचने में लगेगा महज 5 से 6 घंटे का समय, 3,147 करोड़ रुपये की लागत से बन रही फोरलेन सड़क

छत्तीसगढ़ में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। करीब 707 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में 104 किलोमीटर सड़क जशपुर जिले से होकर गुजरेगी। जशपुर में लगभग 3,147 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रही इस परियोजना के पूरा होने के बाद जशपुर से राजधानी रायपुर तक का सफर महज 5 से 6 घंटे में पूरा होने की उम्मीद है। बेहतर सड़क संपर्क से बिलासपुर, कोरबा और जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों को भी लाभ मिलेगा। इस कॉरिडोर से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ कृषि उत्पादों के परिवहन, उद्योग और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा जशपुर के मयाली नेचर कैंप, मधेश्वर पर्वत, रानीदाह जलप्रपात और कैलाश गुफा जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचना भी आसान होगा। परियोजना में अंडरपास, वाहन अंडरपास और वन्यजीवों की आवाजाही के अनुकूल संरचनाओं का भी प्रावधान किया जा रहा है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद न केवल यात्रा का समय कम होगा, बल्कि जशपुर की आर्थिक और पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *