बस्तर में बारिश प्रभावित परिवारों को NMDC का सहारा, गांव-गांव बांटी सैकड़ों तिरपाल शीट्स

सांसद महेश कश्यप ने बड़े चकवा में ग्रामीणों को वितरित की राहत सामग्री, कंपनी ने हरसंभव मदद का दिया भरोसा

जगदलपुर, 30 अक्टूबर 2026। बस्तर में बाढ़ और लगातार बारिश से प्रभावित ग्रामीण परिवारों की मुश्किलें कम करने के लिए एनएमडीसी लिमिटेड ने राहत पहल की है। चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश के बाद कंपनी ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के तहत प्रभावित परिवारों को सैकड़ों तिरपाल शीट्स वितरित की हैं। यह वितरण कुरुषपाल, कोहकापाल, मालगांव, बाद धनौरा और बड़े चकवा सहित कई ग्राम पंचायतों में किया गया।

गुरुवार को ग्राम पंचायत बड़े चकवा में आयोजित राहत सामग्री वितरण कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप विशेष रूप से शामिल हुए। उन्होंने अपने हाथों से प्रभावित ग्रामीणों को तिरपाल शीट्स प्रदान कीं। इससे पहले बुधवार को बकावंड विकासखंड के ग्राम कुरुषपाल स्थित शासकीय विद्यालय परिसर में भी राहत सामग्री का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के विकास में एनएमडीसी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बाढ़ के दौरान कंपनी द्वारा चार मोटर बोट उपलब्ध कराने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे प्रभावित ग्रामीणों तक तत्काल राहत पहुंचाने में मदद मिली। उन्होंने इसके लिए एनएमडीसी के सीएमडी अमिताभ मुखर्जी का आभार व्यक्त किया।

वहीं, एनएमडीसी स्टील लिमिटेड के अधिशासी निदेशक प्रमोद कुमार ने कहा कि कंपनी स्थानीय लोगों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास जारी रहेगा।

एनएमडीसी के महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एस. बाबजी ने बताया कि कंपनी अपने परिचालन क्षेत्रों और आसपास के समुदायों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्राकृतिक आपदाओं और आपात परिस्थितियों में स्थानीय प्रशासन एवं समुदायों के साथ समन्वय बनाकर जरूरतमंद परिवारों तक राहत पहुंचाई जाती है। तिरपाल वितरण भी इसी प्रयास का हिस्सा है।

कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, जनपद सदस्य रमेश कश्यप, बड़े चकवा की सरपंच जनक कश्यप, बोदरा के सरपंच कचरु कश्यप, राम धर ठाकुर, महाजन बघेल, कोहकापाल की सरपंच अंबाली बघेल, गुमडेल की सरपंच शर्मिला कश्यप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *