राज्योत्सव में मुफ्त जांच कराएं अपने बोरवेल और कुएं का पानी, तुरंत मिलेगी रिपोर्ट

रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 में आम नागरिकों के लिए एक खास सुविधा शुरू की गई है। अब लोगों को अपने घर के बोरवेल और कुएं के पानी की शुद्धता जांचने के लिए अलग से सरकारी प्रयोगशालाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। राज्योत्सव परिसर में ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग निःशुल्क जल परीक्षण की सुविधा दे रहा है।

विभागीय प्रदर्शनी स्थल पर नागरिक अपने निजी ट्यूबवेल, बोरवेल और कुओं से पानी का नमूना लाकर उसकी जांच करा सकते हैं। इस जांच में फ्लोराइड, आर्सेनिक, भारी धातुओं और बैक्टीरिया जैसे हानिकारक तत्वों की मौजूदगी का पता लगाया जा रहा है। खास बात यह है कि जांच के बाद रिपोर्ट भी मौके पर ही उपलब्ध कराई जा रही है।

पानी की गुणवत्ता के प्रति किया जा रहा जागरूक

विभाग के विशेषज्ञ लोगों को शुद्ध पेयजल के महत्व, भू-जल संरक्षण और सुरक्षित पानी के उपयोग के बारे में जानकारी दे रहे हैं। यह सुविधा 1 से 3 नवंबर तक आयोजित राज्योत्सव के दौरान उपलब्ध है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने घरों में इस्तेमाल होने वाले पानी की गुणवत्ता की जांच जरूर करवाएं, ताकि दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से बचाव किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *