सीएम विष्णुदेव साय की पहल से गांव की महिलाएं बनीं आत्मनिर्भर, रेडी-टू-ईट से हर महीने 50 हजार रुपये कमा रहा महिला समूह

रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में शासन की पहल से रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। रायगढ़ जिले के डूमरमुड़ा गांव का सरस्वती महिला स्व-सहायता समूह इसकी मिसाल बनकर सामने आया है। समूह की 10 महिलाएं रेडी-टू-ईट पोषण आहार का निर्माण कर हर महीने करीब 50 हजार रुपये का मुनाफा कमा रही हैं।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के मार्गदर्शन में महिलाओं को आजीविका से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। बिहान योजना से जुड़ा सरस्वती समूह अप्रैल 2026 से रेडी-टू-ईट पोषण आहार बनाने का काम कर रहा है।

समूह की सदस्य चम्पा चौहान के अनुसार, पहले महिलाओं के पास आय अर्जित करने के सीमित साधन थे, लेकिन अब समूह के माध्यम से सभी 10 महिलाएं मिलकर काम कर रही हैं। इससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और परिवार के खर्चों में भी वे योगदान दे रही हैं।

मशीनों से तैयार होता है पोषण आहार

समूह की महिलाएं गेहूं, चना और सोयाबीन सहित अन्य सामग्री की सफाई, भुनाई, पिसाई और छनाई करती हैं। इसके बाद मशीनों से निर्धारित अनुपात में मिश्रण तैयार कर उसकी पैकिंग की जाती है। आंगनबाड़ी केंद्रों से मिलने वाली मांग के अनुसार पोषण आहार का वितरण किया जाता है।

2,709 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 10 समूह चयनित

रायगढ़ जिले में संचालित 2,709 आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए रेडी-टू-ईट पोषण आहार निर्माण के उद्देश्य से 10 महिला स्व-सहायता समूहों का चयन किया गया है। चयनित समूहों को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के तहत पूंजीगत सब्सिडी भी दी जा रही है।

इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को गांव में ही रोजगार मिल रहा है। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं तक पूरक पोषण आहार पहुंचाने में भी मदद मिल रही है। सरस्वती समूह की सफलता ग्रामीण महिलाओं के सामूहिक प्रयास और स्वरोजगार से आत्मनिर्भर बनने की एक मिसाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *