दोस्तों संग घूमने गए कांग्रेस नेता की मौत, स्विमिंग पूल में बिगड़ी तबीयत

15मई 2026

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दुखद खबर सामने आई है। रायपुर नगर निगम के पूर्व पार्षद और कांग्रेस नेता अमित दास का निधन हो गया। बताया जा रहा है कि वे अपने दोस्तों के साथ मध्यप्रदेश स्थित कान्हा नेशनल पार्क घूमने गए थे, जहां एक रिजॉर्ट में अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई।

जानकारी के मुताबिक अमित दास अपने साथियों के साथ रिजॉर्ट के स्विमिंग पूल में थे। इसी दौरान अचानक उनके गले में पानी चला गया, जिसके बाद उनकी हालत खराब होने लगी। मौके पर मौजूद दोस्तों और होटल स्टाफ ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की और प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन कुछ ही देर में उन्हें हार्ट अटैक आ गया।

स्थिति गंभीर होने पर तत्काल इलाज की व्यवस्था की गई, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। घटना की सूचना मिलते ही परिवार और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक फैल गया। शुक्रवार सुबह उनका शव रायपुर लाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।

अमित दास रायपुर नगर निगम की राजनीति में सक्रिय चेहरा थे। वे संतोषी नगर क्षेत्र से लगातार तीन बार पार्षद चुने गए थे और एमआईसी सदस्य की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे। सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी के कारण क्षेत्र में उनकी अच्छी पहचान थी।

उनके आकस्मिक निधन पर कांग्रेस नेताओं, समर्थकों और परिचितों ने गहरा दुख जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *