15मई 2026
जगदलपुर नगर निगम उपचुनाव ने अब पूरी तरह चुनावी रंग पकड़ लिया है। शुक्रवार को कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में राजीव भवन से कलेक्ट्रेट तक विशाल रैली निकाली गई, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के सदस्यों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। पार्टी झंडों और नारों के बीच निकली इस रैली ने शहर का राजनीतिक माहौल गर्मा दिया।
रैली के दौरान कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जनता इस बार बदलाव के मूड में है और उपचुनाव में कांग्रेस को भारी समर्थन मिलने जा रहा है। कलेक्ट्रेट पहुंचकर रामकृष्ण तिवारी ने वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र जमा किया। पूरे कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम क्षेत्र में सड़क, पानी, सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की लगातार अनदेखी हुई है, जिससे आम लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि नामांकन रैली में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि जनता कांग्रेस के पक्ष में खड़ी है और उपचुनाव में पार्टी ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस वार्ड को आदर्श वार्ड बनाने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरी है।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामकृष्ण तिवारी ने क्षेत्रवासियों से मिल रहे समर्थन पर आभार जताते हुए कहा कि वे जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाएंगे और उनके समाधान के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। तिवारी ने यह भी कहा कि पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रेखचंद जैन, पूर्व महापौर जतिन जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।