मुंब्रा में ‘हरा ड्रम’ हत्याकांड से सनसनी, प्रेमी की हत्या कर नाले में फेंकी लाश

15मई 2026

मुंबई से सटे मुंब्रा इलाके में एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जिसने मेरठ के चर्चित “नीले ड्रम” कांड की यादें ताजा कर दी हैं। इस बार एक महिला ने अपने पति और भाई के साथ मिलकर अपने ही प्रेमी की हत्या कर दी और शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर सुनसान नाले में फेंक दिया। घटना सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के मुताबिक मुंब्रा निवासी अरबाज मकसूद अली खान घर से दादर काम पर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अरबाज की आखिरी लोकेशन वर्सोवा इलाके में थी। इसी दौरान उसकी प्रेमिका मेहजबीन शेख की लोकेशन भी उसी क्षेत्र में मिलने पर पुलिस को शक हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर शुरुआत में महिला पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन बाद में उसने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
पूछताछ में सामने आया कि मेहजबीन ने अपने पति हसन और भाई तारिक शेख के साथ मिलकर अरबाज को पैसे के बहाने वर्सोवा बुलाया था। वहां कथित तौर पर फिरौती की मांग को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद अरबाज के हाथ बांधकर प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीटा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा के एक सुनसान नाले में फेंक दिया ताकि सबूत मिटाए जा सकें।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला मेहजबीन शेख और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि महिला का पति हसन और उसका एक साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *