तीन दिन से लापता 5 साल का आहद, CCTV में बच्चे को ले जाता दिखा युवक; 40 जवान तलाश में जुटे

पानीपत, 18 सितंबर 2026। पानीपत की पुरेवाल कॉलोनी में पिता की मीट की रेहड़ी के पास खेलते समय लापता हुआ पांच वर्षीय मोहम्मद आहद तीन दिन बाद भी नहीं मिल सका है। बच्चे की तलाश में पुलिस ने सीआईए की तीन टीमें लगाई हैं। करीब 40 जवान पांच किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग स्थानों पर खोजबीन कर रहे हैं।

पुलिस जांच के दौरान सामने आए सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बच्चे को गोद में लेकर जाता दिखाई दिया है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे कैमरों की फुटेज को जोड़कर युवक और बच्चे की गतिविधियों का पता लगाने में जुटी है।

खेलते-खेलते अचानक गायब हुआ आहद

बताया गया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े सात बजे आहद अपने छह वर्षीय बड़े भाई और गली के अन्य बच्चों के साथ पिता की रेहड़ी के पास खेल रहा था। करीब 20-25 मिनट बाद परिजनों ने उसे वहां नहीं देखा। आसपास तलाश करने के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बेटे की तलाश में मां की हालत खराब

आहद के लापता होने के बाद उसकी मां फिरदोस लगातार बेटे की तलाश में पुलिस टीमों के साथ घूम रही हैं। परिजनों के मुताबिक, तीन दिनों से मां ने ठीक से खाना नहीं खाया है। परिवार की एक ही मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द बच्चे को सुरक्षित घर वापस लाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मेधा भूषण खुद जांच की निगरानी कर रही हैं। पुलिस की टीमें संदिग्ध लोगों से पूछताछ करने के साथ सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *