17मई 2026
मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब केरल के तिरुवनंतपुरम से दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस में अचानक आग लग गई। हादसा आलोट क्षेत्र के लूणी रीछा और विक्रमगढ़ स्टेशन के बीच सुबह करीब 5:15 बजे हुआ। आग एसी कोच बी-1 में भड़की, जिसमें लगभग 68 यात्री सफर कर रहे थे।
स्थिति गंभीर होने से पहले रेलवे स्टाफ और कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसी दौरान आग तेजी से फैलते हुए पीछे लगे लगेज-कम-गार्ड वैन तक पहुंच गई। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन दोनों डिब्बों को काफी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोच से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं। ट्रेन को तुरंत रोका गया और बिजली सप्लाई बंद कर प्रभावित कोच को अलग किया गया। मौके पर स्थानीय फायर ब्रिगेड, रेलवे की राहत टीम और अधिकारी पहुंचे, जिन्होंने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई। रेलवे ने सुरक्षा के मद्देनजर कुछ समय के लिए ट्रैक पर संचालन रोक दिया था। बाद में अप लाइन से सिंगल लाइन व्यवस्था के जरिए ट्रेनों का संचालन शुरू कराया गया।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए नागदा, उज्जैन और रतलाम स्टेशन पर हेल्प डेस्क भी शुरू किए हैं। वहीं रतलाम मंडल के डीआरएम सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक वजह साफ हो सकेगी।