नई दिल्ली, 18 सितंबर 2026। दिल्ली के तिमारपुर इलाके में कारोबारी के घर हुई करीब 3 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी अनिल कामत, उसके ससुर देव चंद्र साह और 17 वर्षीय नाबालिग को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से सोने-हीरे के 117 गहने, 4.34 लाख रुपये नकद और अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, कारोबारी परिवार के विदेश जाने के बाद चोरी का पता 6 सितंबर को चला। घर में हाल ही में रखे गए दोनों घरेलू सहायक वारदात के बाद गायब मिले। सीसीटीवी फुटेज में दोनों संदिग्ध बैग लेकर घर से निकलते दिखाई दिए।
जांच के दौरान पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच के जरिए आरोपियों की लोकेशन का पता लगाया। नाबालिग आरोपी को 10 सितंबर को पकड़ा गया, जबकि मुख्य आरोपी अनिल कामत को 16 सितंबर को प्रतापगंज से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और बरामदगी के दौरान सामने आया कि चोरी के गहनों से भरा एक बैग जमीन में करीब पांच फीट नीचे दबाकर छिपाया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की रकम लेकर नेपाल जाने और वहां रेस्टोरेंट-कैफे शुरू करने की तैयारी में था।