दंतेवाड़ा, 5 फरवरी 2026।
जादू-टोना (बड्डे) के शक में रिश्ते के चाचा की निर्मम हत्या करने वाले फरार आरोपी को दंतेवाड़ा पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने लोहे की टंगिया से सिर और कंधे पर वार कर हत्या की थी।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय (भापुसे) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन (रापुसे) के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी दंतेवाड़ा राहुल उयके (रापुसे) के पर्यवेक्षण में, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली निरीक्षक धनंजय सिन्हा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
घटना की सूचना 3 फरवरी को मोबाइल के माध्यम से मिली थी, जिसमें ग्राम पोन्दुम-2 में एक व्यक्ति की हत्या की जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम को कोसा मण्डावी (50 वर्ष) का शव उसके घर के आंगन में खून से लथपथ मिला। पूछताछ में परिजनों व ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी मुड़ा उर्फ मनकू मण्डावी ने अपनी मां की मृत्यु का कारण चाचा द्वारा जादू-टोना करना बताते हुए इस वारदात को अंजाम दिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने लोहे की टंगिया से जानलेवा हमला कर हत्या की और हथियार लेकर फरार हो गया। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 4 फरवरी को आरोपी के पोन्दुम-जारम के बीच जंगल में छिपे होने की सूचना मिलने पर दंतेवाड़ा पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को धर दबोचा।
आरोपी मनकू मण्डावी उर्फ मुड़ा (27 वर्ष), निवासी पोन्दुम-2 गोटखुटापारा, के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की टंगिया और खून से सना हाफ नेकर बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने जादू-टोना के शक में हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
जादू-टोना के शक में चाचा की नृशंस हत्या, फरार आरोपी 48 घंटे में गिरफ्तार