जगदलपुर, 21 फरवरी 2026। बस्तर जिले के बकावंड थाना क्षेत्र अंतर्गत गिरोला गांव स्थित हिंगलाजिन माता मंदिर में हुई चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब पांच महीने पहले हुई इस वारदात में शामिल मुख्य आरोपी को पुलिस ने ओडिशा सीमा से लगे जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7-8 सितंबर 2025 की रात लगभग 10 बजे से सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने मंदिर से दो सोने के हार, एक सोने की नथनी तथा एक छोटा चांदी का मुकुट चोरी कर लिया था। घटना के बाद बकावंड थाना में अपराध क्रमांक 53/25 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बस्तर ने आरोपियों की गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में टीम को ओडिशा भेजा गया। इसी क्रम में 21 फरवरी 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने ओडिशा सीमा से लगे धरिनीगुडा कोरटा गांव के जंगल में घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपना नाम नवीन हरिजन उर्फ बुद्दू (36 वर्ष) निवासी किरमागुड़ा थाना बिसिंगपुर, वर्तमान ग्राम डबली कोटा थाना जयपुर जिला कोरापुट बताया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों टूना हरिजन और माधव हरिजन के साथ मिलकर मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर बेचकर रकम आपस में बांट लेने की बात भी कबूल की। पुलिस ने आरोपी नवीन हरिजन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि उसके दोनों साथी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विकेश तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक मधुसूदन सिंह ठाकुर, हेड कांस्टेबल नकुल नाथ कश्यप, आरक्षक भीष्म ठाकुर, गौरव ठाकुर, भोलाराम बघेल सहित साइबर सेल और डीआरजी टीम के अधिकारियों एवं जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
हिंगलाजिन माता मंदिर चोरी का खुलासा: बकावंड पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा, दो फरार