बीजापुर में सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, सर्चिंग के दौरान आईईडी और छिपाई गई सामग्री बरामद — साजिश नाकाम

बीजापुर, 21 फरवरी 2026।
जिले में चलाए जा रहे माओवादी विरोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। थाना फरसेगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नीलमड़गु की ओर संचालित सर्चिंग और एरिया डॉमिनेशन अभियान के दौरान जवानों ने आईईडी और जमीन के भीतर छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की, जिससे संभावित बड़ी घटना की आशंका को टाल दिया गया।
जानकारी के अनुसार केरिपु 214 वाहिनी कैंप कांडलापरती-2 द्वारा अभियान चलाया गया, जिसमें बी/214 वाहिनी और बीडीडी टीम ने संयुक्त रूप से डिमाइनिंग कार्रवाई की। इस दौरान सुरक्षा बलों को माओवादियों द्वारा लगाए गए 16 नग बीयर बॉटल आईईडी तथा एक 5 किलोग्राम का प्रेशर कुकर आईईडी मिला। सभी विस्फोटकों को निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए मौके पर ही सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
अभियान के दौरान आगे की तलाशी में जमीन के भीतर प्लास्टिक ड्रम में छिपाकर रखी गई सामग्री भी बरामद की गई। बरामद सामान में रस्सी, फ्लेक्सिबल वायर, मल्टीमीटर, आयरन सोल्डरिंग रॉड, वायर कटर, एम-सील, 1.5 वोल्ट की पेंसिल बैटरियां, डीसी मोटर, वर्दी, मैगजीन पाउच, दवाइयां तथा साहित्य एवं पाम्पलेट सहित अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री शामिल है।
सुरक्षा बलों ने बताया कि क्षेत्र में गश्त और सर्चिंग अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *