23अप्रैल 2026
केदारनाथ धाम की यात्रा शुरू होते ही एक दुखद घटना सामने आई, जहां गुजरात से आए एक श्रद्धालु की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, गुजरात के बड़ौदा से आया एक परिवार केदारनाथ दर्शन के लिए पहुंचा था। यात्रा के दौरान परिवार के मुखिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़े। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने तुरंत मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन करीब डेढ़ घंटे तक कोई मेडिकल सहायता नहीं पहुंची।
मृतक के बेटे ने बताया कि मजबूरी में उन्हें अपने पिता को पीठ पर उठाकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र तक ले जाना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
धूप में पड़ा रहा शव, परिजनों में आक्रोश
परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद भी शव को समय पर नहीं हटाया गया और वह करीब दो घंटे तक धूप में पड़ा रहा। उन्होंने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शव को घर तक ले जाने की व्यवस्था भी समय पर नहीं की गई।
परिवार ने हेलीकॉप्टर से शव को नीचे भेजने की मांग की, लेकिन प्रशासन की ओर से तकनीकी और अनुमति संबंधी कारणों का हवाला देकर देरी की बात कही गई।
प्रशासन और पुलिस का पक्ष
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालु की तबीयत बिगड़ने के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्हें मृत घोषित किया गया था। इसके बाद शव को हेली सेवा के जरिए जिला अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई, लेकिन सुरक्षा निरीक्षण और अनुमति प्रक्रिया के कारण थोड़ी देरी हुई।
वहीं, नागरिक उड्डयन विभाग के अनुसार जैसे ही सूचना मिली, तुरंत हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कर शव को नीचे पहुंचा दिया गया।