भोपाल के पास सड़क पर दिखा बाघ, वीडियो वायरल; ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से तलाश जारी

भोपाल 8सितंबर 2026/मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास ओबेदुल्लागंज में रविवार रात सड़क पर बाघ दिखाई देने से हड़कंप मच गया। टोल बैरियर रोड के पास से गुजर रहे वाहन चालकों ने बाघ का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में बाघ सड़क पार करता नजर आ रहा है और कुछ दूर जाने के बाद वापस मुड़कर सड़क किनारे की ओर चला जाता है।

बाघ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने सोमवार को बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया। बाघ की तलाश के लिए ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है। हालांकि, देर शाम तक बाघ का लोकेशन नहीं मिल सका। वन विभाग की टीम को मौके पर बाघ के पगमार्क मिले हैं, जिनसे उसके इंडस्ट्री एरिया की ओर जाने के संकेत मिले हैं।

ओबेदुल्लागंज रोड के आसपास कई गांव और मानव बस्तियां होने के कारण वन विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों के मुताबिक बाघ रातापानी टाइगर रिजर्व की ओर से इस इलाके में आया हो सकता है। फिलहाल टीम पगमार्क के आधार पर उसकी दिशा का पता लगाने और लगातार सर्चिंग में जुटी है। बाघ की मौजूदगी से आसपास के ग्रामीणों और वाहन चालकों में भी चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *