कला गुड़ी एक्सपीरियंस जोन में ढोकरा, काष्ठ और बांस शिल्प देखकर हुए प्रभावित, कलाकारों के हुनर को सराहा
जगदलपुर, 20 अक्टूबर 2026। बस्तर की समृद्ध जनजातीय कला और पारंपरिक हस्तशिल्प का आकर्षण अब विदेशी पर्यटकों को भी लुभा रहा है। जगदलपुर स्थित ‘बस्तर कला गुड़ी एक्सपीरियंस जोन’ में पहुंचे एक विदेशी पर्यटक ने स्थानीय शिल्पकारों की कलाकृतियों को करीब से देखा और उनकी कारीगरी की सराहना की। बस्तर की कला से प्रभावित पर्यटक ने ‘अनुवेद’ ब्रांड के हस्तशिल्प उत्पादों की खरीदारी भी की और अपनी खुशी जाहिर करते हुए थम्स-अप दिया।
‘आमचो बस्तर टूरिज्म’ पहल के तहत संचालित इस केंद्र में विदेशी पर्यटक ने बस्तर की पारंपरिक ढोकरा कला (बेलमेटल), काष्ठ शिल्प, बांस कला और लौह शिल्प से तैयार आकर्षक कलाकृतियों का अवलोकन किया। हस्तनिर्मित उत्पादों की बारीकियों और उनमें झलकती पारंपरिक कलात्मकता ने उन्हें खासा प्रभावित किया।
कलाकृतियों की सुंदरता से प्रभावित होकर पर्यटक ने ‘अनुवेद’ ब्रांड के तहत तैयार बस्तर आर्ट उत्पादों की खरीदारी की। इस तरह बस्तर के स्थानीय कलाकारों का हुनर विदेशी मेहमान तक पहुंचा और उन्हें यहां की सांस्कृतिक विरासत को यादगार के रूप में साथ ले जाने का अवसर मिला।
महिला शिल्पकारों को मिल रहा सीधा बाजार
बस्तर कला गुड़ी परिसर का विकास राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के अंतर्गत किया गया है। इसका उद्देश्य महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी शिल्पकारों के उत्पादों को व्यवस्थित मंच और बाजार उपलब्ध कराना है। इस पहल से स्थानीय कलाकारों को अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है, जिससे बिचौलियों पर निर्भरता कम करने और शिल्पकारों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने में मदद मिल रही है।
भ्रमण के समापन पर विदेशी पर्यटक ने कला गुड़ी की टीम और स्व-सहायता समूह की महिलाओं के साथ समूह तस्वीर भी खिंचवाई। यह पहल बस्तर की पारंपरिक कला को व्यापक पहचान दिलाने के साथ स्थानीय महिला शिल्पकारों की आजीविका को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है।