शहीदों की शहादत को किया नमन, बच्चों की छात्रवृत्ति और परिजनों की समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन
बीजापुर, 21 अक्टूबर 2026। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को बीजापुर में देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जिला प्रशासन के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और शहीद जवानों के परिजनों ने पुष्प अर्पित कर वीर सपूतों की शहादत को नमन किया। इस दौरान शहीद परिवारों को श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया।
पुलिस स्मृति दिवस पर 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में आंतरिक सुरक्षा के दौरान शहीद हुए सशस्त्र एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को याद किया गया। इस अवधि में देशभर के 154 जवानों ने अपने प्राण न्यौछावर किए, जबकि छत्तीसगढ़ के छह जवान शहीद हुए। बीजापुर जिले में माओवादी घटना में जिला बल के दो जवान शहीद हुए थे। इनमें नैमेड़ थाना क्षेत्र के कचिलवार जंगल में माओवादियों के साथ हुई मुठभेड़ में शहीद प्रधान आरक्षक बड़दी मोहन और आरक्षक दुकारू राम गोंदे शामिल हैं।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने शहीद जवानों के नामों का वाचन किया। इसके बाद शहीदों की नामावली शहीद स्मारक को अर्पित की गई। जवानों को सलामी देने के बाद उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और शहीद परिवारों ने स्मारक पर पुष्प अर्पित कर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
शहीद परिवारों को सम्मान, समस्याओं के निराकरण का आश्वासन
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के वनमंडलाधिकारी सुमेद सुरवाड़े, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स रविंद्र कुमार मीणा, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी नम्रता चौबे, एसडीएम राकेश साहू और जिला भाजपा अध्यक्ष घासीराम नाग सहित अन्य अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने शहीद परिवारों से मुलाकात की।
शहीदों के परिजनों को श्रीफल और शॉल भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही, उनके स्वत्वों के भुगतान से संबंधित जानकारी लेकर समस्याओं के निराकरण के लिए हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया गया। शहीद जवानों के बच्चों को छात्रवृत्ति दिलाने के लिए आवेदन शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
शहीदों के स्कूलों में भी दी गई श्रद्धांजलि
शहीद जवानों के सम्मान में बीजापुर जिले के उन स्कूलों में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां इन जवानों ने शिक्षा प्राप्त की थी। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय को देश की सुरक्षा में जवानों के योगदान और उनके सर्वोच्च बलिदान से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग, अर्द्धसैनिक बल, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।