देहरादून। 5सितंबर 2026/चंदर रोड स्थित एमडीडीए कॉलोनी में 72 वर्षीय रेखा बंसल की हत्या के मामले का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया। हत्या का आरोप परिवार के परिचित और रेखा बंसल के पति की दुकान पर काम करने वाले विनीत कुमार पर है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने ₹2,500 को लेकर हुए विवाद के बाद बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट की और पकड़े जाने के डर से उनका मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
वारदात को लूट का रूप देने के लिए आरोपी महिला के हाथ से सोने का कड़ा और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। बाद में उसने पहचान छिपाने के लिए कपड़े बदले और सोने का कड़ा एक ज्वेलर को ₹65 हजार में बेच दिया। पुलिस ने ज्वेलर से कड़ा बरामद कर लिया है।
पुलिस की जांच में आरोपी तक पहुंचने में सीसीटीवी फुटेज और स्कूटी अहम कड़ी साबित हुई। फुटेज में दिनेश बंसल की स्कूटी घटनास्थल के आसपास दिखाई दी। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी स्कूटी लेकर गया था। पुलिस ने उसे रिंग रोड के पास हिरासत में लिया, जहां सख्ती से पूछताछ के बाद उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर पहले भी दिनेश बंसल के घर से एक सोने का कड़ा चोरी किया था। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और इस चोरी की भी जांच कर रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।