निर्माण श्रमिकों के बच्चों के लिए सुनहरा अवसर, देश के नामी आवासीय स्कूलों में कक्षा 12वीं तक मिलेगी मुफ्त पढ़ाई

जगदलपुर, 25 जून 2026।
निर्माण श्रमिकों के मेधावी बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल ने अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में कक्षा 6वीं से लेकर 12वीं तक निशुल्क शिक्षा, आवास और भोजन की सुविधा प्रदान की जाएगी। इच्छुक अभिभावक 3 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

श्रम पदाधिकारी भूपेन्द्र नायक ने बताया कि योजना का उद्देश्य पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के प्रतिभाशाली बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करना है। चयनित विद्यार्थियों का प्रवेश सीधे कक्षा 6वीं में होगा और उनकी संपूर्ण शिक्षा का खर्च शासन द्वारा वहन किया जाएगा।

योजना का लाभ केवल उन निर्माण श्रमिकों के पहले दो बच्चों को मिलेगा, जिनका श्रमिक पंजीयन आवेदन की तिथि से कम से कम एक वर्ष पुराना हो। प्रवेश के लिए विद्यार्थी की आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। साथ ही छात्र ने पिछले शैक्षणिक वर्ष में छत्तीसगढ़ शासन अथवा किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय से नियमित रूप से अध्ययन किया होना चाहिए।

आवेदन के लिए अभिभावकों को एक वर्ष पुराना निर्माण श्रमिक पंजीयन कार्ड, विद्यार्थी का आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, कक्षा 5वीं की अंकसूची तथा वर्तमान कक्षा में अध्ययनरत होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, जिसे लोक सेवा केंद्र, जिला श्रम पदाधिकारी कार्यालय अथवा संबंधित जनपद पंचायत के श्रम संसाधन केंद्र के माध्यम से पूरा किया जा सकता है।

जिला प्रशासन और श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और 3 जुलाई 2026 की अंतिम तिथि से पहले अपने बच्चों का आवेदन अवश्य कराएं। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर श्रमिक परिवारों के बच्चों को देश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में पढ़ने और अपने सपनों को साकार करने का बड़ा अवसर प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *