बस्तर पहुंचे छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष संजय अग्रवाल, योग शिविर में दिया नशामुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश

जगदलपुर16जुलाई 2026/बस्तर संभाग के प्रवास पर पहुंचे छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष एवं चिकित्सा शिक्षा (आयुष) विभाग के माननीय अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल का जगदलपुर आगमन पर आयुष विभाग और विभिन्न योगिक संगठनों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। 14 जुलाई की संध्या को विश्राम गृह में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू सहित विभागीय चिकित्सक, कर्मचारी और योग साधक उपस्थित रहे। इस दौरान श्री अग्रवाल ने आयुष विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अपने प्रवास की रूपरेखा पर चर्चा की तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने और प्रदेशभर में इसके व्यापक प्रचार-प्रसार की अपनी मंशा व्यक्त की। बस्तर जिले के चिकित्सकों, कर्मचारियों, योग प्रशिक्षकों और आयुष्मान आरोग्य मंदिर के स्टाफ के साथ विस्तृत बैठक 17 जुलाई को आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में आयुष विभाग एवं विभिन्न योगिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में शांति नगर स्थित मां दुर्गा मंदिर प्रांगण में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों और योग साधकों ने भाग लिया। योग आयोग के अध्यक्ष श्री संजय अग्रवाल ने योग के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नशामुक्त छत्तीसगढ़ की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने प्रतिभागियों को सूक्ष्म व्यायाम, योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया तथा विभिन्न रोगों से बचाव और स्वास्थ्य लाभ के लिए योग आधारित उपाय बताए। कार्यक्रम के अंत में विभिन्न योगिक संगठनों ने श्री अग्रवाल का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. मोहनीश साहू ने आयुष विभाग की ओर से सभी अतिथियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *