जशपुर में सड़क विकास को मिली बड़ी रफ्तार, 12.63 करोड़ रुपये मंजूर

दो प्रमुख मार्गों के सुदृढ़ीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी होगी बेहतर, किसानों, विद्यार्थियों और आम लोगों को मिलेगा सीधा लाभ

रायपुर, 21 अगस्त 2026। जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले के दो महत्वपूर्ण मार्गों के मजबूतीकरण और उन्नयन के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में मिली इस स्वीकृति से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आवागमन को और सुगम बनाने की उम्मीद है।

स्वीकृत कार्यों में शिवपुर से पत्थलगांव मार्ग के 9 किलोमीटर हिस्से के मजबूतीकरण के लिए 5 करोड़ 1 लाख रुपये तथा दुलदुला से चटकपुर-लोटापानी मार्ग, कुनकुरी के 18.6 किलोमीटर हिस्से के लिए 7 करोड़ 62 लाख रुपये शामिल हैं।

इन सड़कों के बेहतर होने से ग्रामीणों को बाजार, स्कूल, अस्पताल और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। किसानों के लिए कृषि उपज को बाजार तक पहुंचाना आसान होगा, वहीं विद्यार्थियों और मरीजों को भी बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

सड़क नेटवर्क मजबूत होने से गांवों और प्रमुख बाजारों के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी। इससे स्थानीय व्यापार, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।

सड़क सुदृढ़ीकरण के लिए मिली स्वीकृति पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सड़क सुविधा को लेकर आ रही परेशानियां दूर होंगी और क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *