CG में दिनदहाड़े फायरिंग से सनसनी: दो युवकों पर एयर गन से हमला, धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी का आरोप

अंबिकापुर, 5 सितंबर 2026। शहर के नमना कला मिशन ग्राउंड के पास दो युवकों पर कथित तौर पर एयर गन से फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। अचानक हुई इस घटना में दोनों युवकों को चोटें आई हैं। पीड़ितों ने अज्ञात आरोपियों पर एयर गन से हमला करने के साथ ही धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, एजाज सोनकर और आयुष सोनकर नमना कला मिशन ग्राउंड के पास मौजूद थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने कथित रूप से उन पर एयर गन से फायरिंग कर दी। हमले के बाद दोनों युवक मौके से भागने लगे। इसी दौरान आयुष सोनकर के शरीर में एयर गन के छर्रे लगने की बात सामने आई है, जबकि दूसरे युवक को भी चोटें आई हैं।

पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने फायरिंग के बाद धारदार हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद दोनों युवक कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले में पुलिस ने दोनों युवकों का मेडिकल कराया है। मेडिकल के बाद FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कथित आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

फिलहाल फायरिंग की वजह और घटना में शामिल लोगों को लेकर पुलिस की जांच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *