जगदलपुर में 15–16 फरवरी को विशाल संभागीय रोजगार मेला, निजी कंपनियों से 8 फरवरी तक आवेदन

जगदलपुर | 04 फरवरी 2026
बस्तर संभाग के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण के निर्देशानुसार आगामी 15 एवं 16 फरवरी को जगदलपुर में विशाल संभाग स्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले का उद्देश्य निजी क्षेत्र की कंपनियों एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।
जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर द्वारा निजी क्षेत्र के उन सभी नियोक्ताओं को आमंत्रित किया गया है, जो अपनी संस्थाओं में रिक्त पदों की पूर्ति करना चाहते हैं। विभागीय जानकारी के अनुसार यह रोजगार मेला नियोजकों के लिए पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।
रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक नियोजकों को अपने रिक्त पदों की अधिसूचना निर्धारित प्रपत्र में भरकर 08 फरवरी तक अनिवार्य रूप से जमा करनी होगी। नियोक्ता अपनी जानकारी जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, जगदलपुर में व्यक्तिगत रूप से या डाक के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके अतिरिक्त, ई-मेल आईडी ddirempl@gmail.com अथवा विभागीय पोर्टल erojgar.cg.gov.in के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है।
रोजगार विभाग के उप संचालक श्री जय प्रकाश कौशिक ने बताया कि रोजगार मेले में सम्मिलित होने के लिए निजी क्षेत्र के नियोजकों का पंजीयन अनिवार्य है। पंजीयन के दौरान संस्था प्रमुख का नाम, जीएसटी नंबर या फर्म पंजीयन विवरण, पैन या टेन नंबर, मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी जैसी आवश्यक जानकारियां प्रस्तुत करनी होंगी। विभाग ने सभी इच्छुक नियोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर जानकारी प्रेषित करने की अपील की है, ताकि आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *